
रायपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ चरणदास महंत ने कोरिया नरेश रामचंद्र सिंहदेव के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया की रामचंद्र सिंह देव, ना सिर्फ एक कुशल व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति थे अपितु एक सफल राजनीतिज्ञ, अर्थशास्त्री, लेखक, फोटोग्राफर भी रहे। उन्होंने सत्यजीत रे के साथ 2 सालों तक लघु फ़िल्म निर्माण का काम किया।
कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. महंत ने कहा कि अर्थ-शास्त्र की निपुणता और कुशलता के कारण वह छत्तीसगढ़ के प्रथम वित्त मंत्री बने और कांग्रेस सरकार में अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया। राजनीति में उन्होंने जाति, धर्म, अमीरी, गरीबी को परे रखकर सबको गले लगाया और सफल राजनीति की मिसाल पेश की।
डॉ चरणदास महंत ने कहा कि “मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है और वह हमेशा मेरे लिए एक आदर्श की तरह रहेंगे और इसीलिए रामचंद्र सिंह देव जैसे लोग मरते नहीं बल्कि हमेशा दिलों में जिंदा रहते हुए अमर हो जाते हैं”