
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ चरणदास महंत ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा कटाक्ष करते हुये कहा है कि क्या अब भाजपा को अपने संगठन और कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं रहा, कि वह तंत्र-मंत्र का सहारा लेने को मजबूर हो गई है या आने-वाले चुनाव में भाजपा को अपनी हार स्पष्ट दिखाई दे रही है जो उन्हें तांत्रिक, बाबाओं का सहारा लेना पड़ रहा है।
डॉ .महंत ने कहा है कि हाल के कुछ सालों में भारतीय जनता पार्टी के नेता कुछ ज्यादा ही तंत्र-मंत्र बाबाओं के प्रति आकर्षित हो रहे हैं,फिर चाहे कंबल वाले बाबा हो या विधानसभा को बांधने के लिए कोई तांत्रिक या हाथियों को रोकने के लिए श्रम मंत्री भैय्यालाल राजवाड़े द्वारा किया जाने वाला अनुष्ठान। यह भाजपा का डर ही है। जो उसे ऐसे कामकाज करने के लिए मजबूर कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री महंत ने बताया कि प्रदेश श्रम मंत्री और उनकी सरकार इतनी कमजोर हो गई है कि हाथियों को रिहायशी क्षेत्रों से दूर रखने के लिए प्रशासनिक अमले और तकनीक का सहारा लेने के बजाय हवन और तंत्र-मंत्र का सहारा ले रही है। प्रदेश में वर्षा कराने टोटकों का सहारा लेना पड़ रहा है। भाजपा सरकार लोगों में अंधविश्वास को बढ़ावा देना चाहती है। प्रदेश के गृहमंत्री कंबल वाले बाबा का सहारा लेते हैं।
कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष चरणदास महंत ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में अंधविश्वास और कुप्रथाओं को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश के कई भाजपा नेता विधानसभा में अपनी जीत पक्की करने तांत्रिकों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने बताया की यह नैतिक जिम्मेदारी सरकार की बनती है वह अंधविश्वास फैलाने के बजाय आधुनिक विज्ञान और तकनीक का सहारा लेकर जनता की परेशानियों का हल करे पर भाजपा का यह काम साबित करता है कि प्रदेश की भाजपा की रमन सरकार हर मोर्चे में विफल साबित हो रही है।