
बिलासपुर।15 जुलाई से जिला प्रशासन के तत्वाधान में मिशन ग्रीन बिलासपुर वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत की गई है। इसे आगे बढ़ाते हुये आज मिशन ग्रीन बिलासपुर के चौथे दिन गणेश चौक, शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में 103 पौधे लगाये गये। इस अवसर पर महापौर नगर पालिका निगम बिलासपुर किशोर राय, कलेक्टर जिला बिलासपुर पी.दयानंद, पुलिस अधीक्षक आरिफ एच.शेख एवम् वरिष्ठ पत्रकार सुनील गुप्ता के साथ बड़ी संख्या में वार्डवासियों एवं महाविद्यालय के छात्राओं द्वारा पौधे लगाये गये। इस दौरन सभी ने पौधे बचाने का संकल्प लिया।
कलेक्टर पी.दयानंद ने उपस्थित नागरिकों एवं छात्राओं को अपने-अपने घरों के आसपास भी पौधे लगाने एवं उन्हें बचाने के लिए प्रेरित करते हुये कहा कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वे इस महाभियान में अपनी महती भूमिका एवं सहयोग दें ताकि बिलासपुर को हरे-भरे माहौल में तबदील किया जा सकें और यही इस महाभियान की सफलता होगी। कलेक्टर ने बताया कि इस अभियान में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 15 अगस्त तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बिलासपुर जिले में 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। छात्राओं ने ‘‘सूखी धरती करें पुकार – वृक्ष लगाकर करें श्रृंगार’’ और देश की ताकत नौजवान, नौजवान के नारें लगाते हुये पौधे लगाये साथ ही पौधों की रक्षा के संकल्प लिये।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत फरिहा आलम सिद्दीकी , नगर निगम आयुक्त सौमिल रंजन , बिलासपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जी.डी. शर्मा, शा.बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य एस.एल. निराला, वन मंडलाधिकारी डी.पी. साहू, एस.डी.ओ. फाॅरेस्ट आर.पी.तिवारी, गणेश चौक की पार्षद श्रीमती अंजना वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।