
बिलासपुर। संविदाकर्मी तीसरे दिन भी अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। इस दौरान अनियमित कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर सभी 54 विभागों से आये अनियमित कर्मचारियों के प्रतिनिधियों एवं विकास खंड अध्यक्षों द्वारा अपने-अपने विभाग की सहभागिता से हड़ताल को अंतिम लक्ष्य तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। प्रदर्शन के तीसरे दिन दो विशेष महायज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें पहला, छत्तीसगढ़ समृद्धि महायज्ञ जिसमें छत्तीसगढ़ को समृद्ध बनाने ईश्वर से प्रार्थना की गई।
दूसरा महायज्ञ डॉक्टर रमन सिंह सद्बुद्धि महायज्ञ था, जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को समस्त 54 विभागों के संविदा कर्मचारी, दैनिक वेतन भोगी, व केंद्र से प्रायोजित विभिन्न योजनाओं में कार्यरत कर्मचारी, प्लेसमेंट एवं अंशकालिक नियमित कर्मचारियों को ‘सबका साथ-सबका विकास’ नारा को चरितार्थ करते हुये नियमित करने की सद्बुद्धि देने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान महासंघ ने बताया कि इस हड़ताल के कारण समस्त विभागों का कार्य प्रभावित हो रहा है। बहुत से अनेक सरकारी कामकाज अटके पड़े हैं। लोग परेशान हो रहे हैं। इसके बावजूद सरकार को कोई सुध नहीं है। उन्हें जल्द से जल्द हमारी मांगों को मान लेना चाहिये, ताकि हम बेहतर ढंग से आगे का कार्य संपन्न कर सके।
यहां पाठकों को यह बताते चलें कि संविदाकर्मियों ने अपनी 4 सूत्रीय मांगों को शीघ्र अति शीघ्र पूरा करने का आव्हान के साथ हड़ताल शुरू कर दिया है। इस दौरान छत्तीसगढ़ संयुक्त प्रगतिशील कर्मचारी महासंघ के संभाग अध्यक्ष अजीत नाविक, अध्यक्ष डॉ सौरभ शर्मा, उपाध्यक्ष पी कौशिक, सचिव टेकलाल पाटले, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार साहू, मीडिया प्रभारी राजीव शर्मा व एम कलाम खान, ब्लॉक अध्यक्ष कोटा श्रीमती श्वेता सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष बिरहा मुकेश बंसल, ब्लॉक अध्यक्ष तखतपुर अंशुमन तिवारी, ब्लाक अध्यक्ष मरवाही डॉक्टर प्रकाश शेखर, ब्लॉक अध्यक्ष मस्तूरी मनीषा अवस्थी, ब्लॉक अध्यक्ष गौरेला संतोष कुमार सोनी, अरविंद सोनी ब्लॉक अध्यक्ष पेण्ड्रा आदि उपस्थित रहे।