
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के आव्हान पर लिपिकों की मांगों को लेकर 26 एवं 27 जुलाई को दो दिवसीय आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन कोन्हेर गार्डन में किया जाएगा।
इसकी जानकारी देते हुए संघ प्रदेश महामंत्री रोहित तिवारी ने बताया कि लिपिक संवर्ग अपनी मांगों को लेकर दो दिवसीय प्रदर्शन करेगी। इसमें राजस्थान सरकार की तर्ज पर लिपिको का प्रारंभिक वेतनमान 1900 से 2400 करते हुए छत्तीसगढ़ में लागू वेतनमान के क्रम को 1900 का 2400 व 2400 का 2800 एवम् 2800 का 4200 करते हुए लिपिकों के वेतनमान में सुधार करने की मांग समेत राज्य के समस्त लिपिको को संपूर्ण सेवाकाल में चार स्तरीय पदोन्नति वेतनमान देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ 21 जुलाई को राजधानी रायपुर में फेडरेशन रैली में शामिल होगी। फेडरेशन रैली में शामिल होकर वेतन विसंगति दूर करने की मांग भी समक्ष रखा जाएगा। साथ ही 9, 10 व 11 अगस्त को फेडरेशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल में भी प्रदेश लिपिक शासकीय कर्मचारी शामिल होंगे। इसके पश्चात अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रांतीय निकायो द्वारा घोषित की जाएगी।
इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष चंद्रिका सिंह, प्रदेश महामंत्री रोहित तिवारी, प्रांतीय सचिव जितेंद्र मिश्रा, प्रांतीय प्रचार सचिव अशोक मेहता, संभागीय अध्यक्ष हेमंत बघेल, वर्षा रानी चरण जिला अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सुनील यादव, जिला सचिव प्रदीप शर्मा, जिला सचिव महिला प्रकोष्ठ राखी कौशिक ने भी इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है।