जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में रविवार को सियार बाबा जलप्रपात पर बड़ा हादसा हो गया। 100 फुट ऊंचे इस जलप्रपात में चट्टान गिरने से उसमें स्नान कर रहे 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 33 अन्य घायल हो गए। रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ताहिर सजाद भट ने पीटीआई-भाषा को बताया कि घटना अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे हुई जब उत्तर भारत के बड़े जलप्रपातों में से एक सियार बाबा जलप्रपात में लोगों का एक समूह स्नान कर रहा था। इनमें से अधिकतर युवा थे।
यह जलप्रपात रियासी से दस किलोमीटर दूर तलवारा में स्थित है।उन्होंने बताया कि 7 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों में से 3 की हालत नाजुक बतायी गई है। भट्ट ने बताया कि घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग रविवार की छुट्टी मनाने के लिए जमा हुए थे। इनमें से कई लोग जलप्रपात में स्नान कर रहे थे तभी घटना हुई।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि वहंा मौजूद अन्य लोग मलबे के अंदर दबे लोगों को निकालने के लिए दौड़े। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के बचाव कर्मी जेसीबी मशीन एवं अन्य उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कई घंटे के बचाव एवं तलाश अभियान के बाद शाम में अभियान समाप्त कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि 6 मृतकों की पहचान सचिन कुमार, सन्नी कुमार, लकी, कमल शर्मा, प्रीति गुप्ता और दर्शन देवी के तौर पर हुई है। ये सभी जम्मू जिले के निवासी थे। उन्होंने बताया कि सातवें मृतक की पहचान का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जख्मी में से अधिकतर जम्मू जिले से हैं। अधिकारियों ने बताया कि जख्मी लोगों में उत्तर प्रदेश के अशोक कुमार और उनका 5 साल का बेटा भी शामिल है।
अधिकारी ने बताया कि घायलों में 8 लडक़े और लड़कियों तथा 7 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जख्मी लोगों को निजी कारों से रियासी जिले के अस्पताल पहुंचाया गया। राज्यपाल एन. एन. वोहरा ने इस दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया है और माता वैष्णो देवी मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीरज गुप्ता से जख्मी लोगों के उपचार पर आए पूरे खर्च को मंदिर बोर्ड की तरफ से वहन करने के लिए कहा।
गुप्ता ने राज्यपाल को बताया कि ककरियाल में मंदिर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 31 लोगों का उपचार चल रहा है। इनमें से 3 लोगों की स्थिति ‘गंभीर’ है। नेशनल कांफ्रेंस के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर दुख और शोक जताया।
source-google