
बिलासपुर। जिला अंतर्गत आने वाले ग्राम वेदपरसदा की सरपंच के नेतृत्व में ग्रामवासियों ने जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर बिलासपुर पी दयानंद को समस्याओं से अवगत कराते हुए नाली निर्माण आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कलेक्टर ने उस समय जल संसाधन विभाग डिवीजन बिलासपुर को समस्या निराकृत करने निर्देश दिया था।
कार्य शुरू कर दिया गया, ग्रामीणों ने बताया कि नाली का कुछ हिस्सा गांव के मॉडल स्कूल के खेल मैदान से होकर गुजरता है, इस कारण स्कूल के प्राचार्य ने कार्य में रोक लगा दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि इसके बाद उन्होंने कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग को पुनः निवेदन किया जिसके बाद अनुविभागीय अधिकारी द्वारा खेल मैदान अंतर्गत लगभग 210 मीटर भूमिगत नाली निर्माण हेतु 19.6 लाख की रूपरेखा तैयार की गई। ग्राम वेदपरसदा के ग्रामीणों ने कलेक्टर जिला बिलासपुर पी दयानंद को आवेदन देकर इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करने की मांग रखी है।
उन्होंने बताया कि इस नाली निर्माण हो जाने पर मुख्य नहर से परसदा डेम को भरा जा सकता है। जिससे ग्रामवासियों को निस्तारी हेतु हमेशा पानी उपलब्ध रहेगा। साथ ही खारंग बांध में पानी कम होने के कारण मुख्य नहर में पानी कमी होने पर भी इसके माध्यम से लगभग 500 हेक्टेयर भूमि सिंचाई भी की जा सकती है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि नाली निर्माण के लिए डीएमएफ़ मद से प्रस्तावित राशि स्वीकृत कर जल संसाधन विभाग को भूमिगत नाली निर्माण हेतु अनुमति प्रदान करें।कलेक्टर पी दयानंद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है।
इस अवसर पर कलेक्टर ने बताया कि कलेक्ट्रेट जनदर्शन में जो भी आवेदक आ रहे हैं, उन्हें जिला प्रशासन द्वारा एक-एक पौधा दिया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण किया जा सके। उन्होंने कहा कि हमें ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करना होगा ताकि आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर पर्यावरण का आवरण सुनिश्चित हो सके, हमें प्रत्येक जगह, जहां पौधे लगाने की पर्याप्त जगह हो वहां अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाना चाहिए। जिला प्रशासन भी इस ओर तेजी से बढ़ रहा है। साथ कलेक्टर पी दयानंद ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगों के लिए विशेष चलित वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें दिव्यांगों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा।