बिलासपुर । गृहमंत्री राम सेवक पैकरा ने आज टसर कोसा धागाकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का केन्द्रीय जेल महिला प्रकोष्ठ में उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री पैकरा ने कहा कि ये बहुत ही अच्छा प्रयास है जिससे महिलाओं को कौशल में निपुण कर आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाया जा सकता है। उन्होंने अस्तित्व महिला समिति के द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
श्री पैकरा ने जेल में निरूद्ध बंदियों को अपराध से घृणा करने हेतु अपने आसपास के परिवेश में प्रेरित करने के लिए संकल्प लेने का आव्हान किया। इसके बाद श्री पैकरा ने जेल के अन्य भागों का निरीक्षण किया एवं संसाधनों और जेल की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की।
उक्त कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर बी.एस.उईके, एस.पी.उपाध्याय, एस.डी.एम. देवेन्द्र पटेल, डी.एस.पी. नसर सिद्दिकी, एस.डी.ओ.पी. श्री खुटिया उपस्थित रहे।