
बिलासपुर। यांत्रिक विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं को समक्ष रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ ने मंडल के यांत्रिक अभियंता व कर्मिक अधिकारी को ज्ञापन दिया है। इसमें यांत्रिक विभाग के कर्मचारियों के सम्बंध में उन्होंने प्रमुख रूप से आवास अनुपलब्धता की दिक्कतों को रखते हुए कहा है कि इस विभाग के कर्मचारियों से 30 वर्ष पूर्व आवास दिलाने अनुबंध किया गया था, जिसे अब तक पूरा नहीं किया गया। केवल पत्राचार औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। जिससे विभाग के किसी कर्मचारी को लाभ नहीं।
अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में 16 कर्मचारियों का कैडर स्वीकृत है, इसके बाद भी 9 कर्मचारियों की भर्ती की गई है। जिससे कैडर अधूरा है उन्होंने जल्द इन पदों पर भर्ती की मांग की है। स्टेशन में पदस्थ कर्मचारियों के लिए ड्यूटी रोस्टर जारी करने की मांग व साइडिंग काम के लिए भेजे जाने पर दिया जाने वाला टीए देने के बजाय माइलेज भुगतान प्रणाली लागू करने की मांग जिम्मेदारों के समक्ष रखी है। इस पर बिलासपुर मंडल यांत्रिक अभियंता व कर्मिक अधिकारी ने जल्द से जल्द इस मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।