
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के मुहिम को बल दे रहे हैं, बेटियों को हर जगह बराबर का दर्जा देने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे देश में इस तरह की घटना राष्ट्रीय पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा किया जाना बेहद ही शर्मनाक है। कांग्रेस की संस्कृति और उसका इतिहास शोषण का रहा है। विदित हो कि एनएसयुआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष फैरोज खान पर छत्तीसगढ़ के दुर्ग भिलाई क्षेत्र की एक कार्यकर्ता ने यौन प्रताड़ना की शिकायत आई है।
भारतीय जनता पार्टी की ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ प्रकोष्ठ की नेत्री किरण सिंह ने एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए अपना बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि महिला वर्ग को वस्तु की तरह देखने वालों के घर आज तक बस नहीं पाए, एक कांग्रेस नेत्री को सम्मान नहीं मिलने से पार्टी छोड़ना पड़ा था, ये बात अलग है कि वे कुर्सी के चक्कर मे फिर वापस आ गई है।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष भूपेश बघेल के हांथ सीडी कांड में रंगे हुए हैं, पिछले दिनों कांग्रेस की एक बहन नेत्री के मुंह में भी जबरदस्ती लड्डू ठूस कर उनकी आवाज को बंद किया गया। महिलाओं का अपमान कांग्रेस में आम बात है। इसलिए जनता ने कांग्रेस से किनारा कर लिया है। जहां महिलाओं को सबसे ज्यादा सुरक्षित महसूस करना चाहिए, वहीं उनके साथ यौन शोषण जैसी घटना घटती है, बहुत ही शर्मनाक करतूत है। उन्होंने आगे कहा की राष्ट्रीय पद पर बैठकर इस पद की गरिमा को कलंकित करने वाले व्यक्ति को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए दंडित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।