
बिलासपुर। बिलासपुर प्रवास के दौरान भाजपा की राष्ट्रीय सचिव व राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय द्वारा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी कांग्रेस, पीएल पुनिया पर दिए गए बयान के विरोध में जिला कांग्रेस व शहर कांग्रेस द्वारा निंदा प्रस्ताव पारित किया गया है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय सचिव सरोज पांडे के बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई है।
सरोज पांडेय के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्ता शैलेष पांडेय, अभयनारायण राय, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर ने संयुक्त रूप से बयान जारी किया है, इसमें उन्होंने कहा है कि सरोज पांडेय मोदी की लहर में भी दुर्ग लोकसभा का चुनाव नहीं जीत पाई, जनता द्वारा नकार दी गई और मोदी एवं अमित शाह की भक्ति कर पीछे के रास्ते से राज्यसभा पहुंच गई। वे सांसद बनने के बाद बड़बोली हो गई है।
आगे उन्होंने कहा कि सरोज पांडेय को बिलासपुर में एक भी ऐसा काम बताना था जो भाजपा सरकार ने किया हो, चूंकि विकास की चर्चा वो कर नहीं सकती थी इसलिए लोगों को ध्यान खींचने के लिए राहुल और पुनिया के बारे में बयान जारी कर रही है, सच्चाई ये है राहुल के लगातार दौरे, पुनिया के लगातार सक्रिय रहकर छत्तीसगढ़ के सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों अन्य राजनीतिक दलों के लोगों से मुलाकात और उनके नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेश बघेल द्वारा लगातार भाजपा के भ्रष्टाचार को उजागर करने से आंदोलन खड़ा करने से सभी नेताओं को एक सूत्र में बांधकर हमारे नेता पुनिया द्वारा संगठन को मजबूती प्रदान करने से भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व घबरा गया।
कांग्रेसजनों ने जारी प्रेस नोट में आगे कहा कि पुनिया को थकाहारा कहने वाली सरोज पांडेय 15 साल से थके हारे मुख्यमंत्री रमन सिंह के बारे में बयान देती तो अच्छा होता, पुनिया वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे हैं। अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं, लोकसभा सांसद, राज्यसभा सांसद, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में पूरा देश उनकी योग्यता को पहचानता है।
उन्होंने तंज कसते हुए सरोज पांडेय से सवाल किया कि अगर 15 लाख रूपये खाते में क्यों नहीं आए?, 2 करोड़ लोगों को रोजगार क्यों नहीं मिला ? किसानों को 5 साल बोनस क्यों नहीं मिला ?, प्रदेश की कई हजार बेटियां गायब हैं वो क्यों नहीं मिली ? प्रदेश में महिलाओं पर लगातार अत्याचार क्यों हो रहा है ? प्रदेश की नर्सों को आंदोलन के दौरान जेल में क्यों डाला गया। निर्दलीय विधायक की थाने में पिटाई क्यों होती है ? डीजल-पेट्रोल आज इतना महंगा क्यों है ?
रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में स्विस बैंक में काला धन जमा करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी क्यों हो रही है ? इन बातों का जवाब बिलासपुर में आकर देती तो सांसद के रूप में उनका बयान जनता के हित में माना जाता। दुर्ग की जनता जानती है कि सरोज पांडेय ने कैसे सार्वजनिक रूप से साहू समाज का अपमान किया। जिनके परिवारवालों ने सार्वजनिक रूप से टोल टैक्स नाकों पर गुण्डागर्दी की। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में उनकी भाषा राष्ट्रीय नेताओं के प्रति ऐसी ही रही तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ेगा।