बिलासपुर। दपूमरे राजभाषा क्रियान्वयन समिति की बैठक गुरुवार को बिलासपुर मंडल सभाकक्ष में रेल प्रबंधक आर राजगोपाल की अध्यक्षता एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मंडल अपर रेल प्रबंधक सौरभ बंदोपाध्याय के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई।
बैठक अध्यक्ष मंडल रेल प्रबंधक आर राजगोपाल ने बिलासपुर मंडल में जनवरी से मार्च दौरान हुई, राजभाषा प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित सभी शाखाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों से कहा कि वे राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार सरकारी काम-काज राजभाषा हिंदी में करें।
इस बैठक में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक सौरभ बंदोपाध्याय ने सभी विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रगति रपटों की विभिन्न मदो के संबंध में मागदर्शन दिया और कहा कि राजभाषा प्रयोग में निरंतर वृद्धि को सुनिश्चित करने सभी अधिकारीगण अपने कर्मचारियों को राजभाषा प्रयोग हेतु प्रेरित करें।
बैठक पूर्व प्रबंधक आर राजगोपाल ने मंडल की हिन्दी पत्रिका दीक्षा के 48वें अंक का विमोचन भी किया, उन्होंने इस अंक की प्रशंसा की, कार्यक्रम संचालन एवं आभार प्रदर्शन राजभाषा अधिकारी प्रमोद सोनी ने किया। इस अवसर पर मंडल के शाखाधिकारी, प्रतिनिधि अधिकारी आदि उपस्थित रहे।