रायपुर। विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेश शिक्षाकर्मियों ने संविलियन वटवृक्ष का पौधरोपण कर सरकार का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है, वटवृक्ष को संविलियन वटवृक्ष का नाम देकर देकर संविलियन का संदेश दिया और कहा कि इसी प्रयास से शिक्षा का पर्यावरण और परिवेश सुधरेगा सरकार को संविलियन करना चाहिये।
प्रदेश संचालक विरेन्द्र दुबे ने कहा कि वटवृक्ष चिरकाल तक जीवित रहने वाला वृक्ष होता है, यह संविलियन वटवृक्ष पर्यावरण रक्षा के साथ-साथ हमारे संघर्ष और सफलता की कहानी भी कहेगी, जिस तरह वटवृक्ष लाखों जीव जंतुओं का आश्रय स्थली होता और उसका पालन पोषण करता है उसी तरह संविलियन भी प्रदेश के शिक्षाकर्मियों को एक पूर्ण शिक्षक का गौरव और सम्मानित जीवन प्रदान करेगा, यहां प्रदेश संचालक विरेन्द्र दुबे के नेतृत्व में मोर्चा उपसंचालक सांत्वना ठाकुर, जितेन्द्र शर्मा, ताराचंद जायसवाल ने रायपुर कुशालपुर स्थित तालाब किनारे संविलियन वटवृक्ष का रोपण किया।
शिक्षक पं ननि मोर्चा में महिला शक्ति की सशक्त प्रतिनिधित्व करने वाली उपसंचालक डॉ सांत्वना ठाकुर ने बताया, विश्व पर्यावरण दिवस पर संविलियन वट वृक्ष लगाकर हमने पर्यावरण और हमारे संघर्ष की सार्थकता को सिद्ध किया है।प्रदेश के समस्त 1 लाख 80 हज़ार शिक्षाकर्मी संकल्पित होकर आगामी दिनों अपने गांवो और स्कूल में संविलियन वट का पौधारोपण करेंगे। जिससे पूरे प्रदेश में 3 लाख 60हज़ार संविलियन वट वृक्ष पर्यावरण की रक्षा के साथ हमारे संविलियन और संघर्ष याद दिलाएंगे। उपसंचालक जितेंद्र शर्मा ने कहा अनुकरणीय कार्य है वैसे भी शिक्षक पर्यावरण का रक्षक होता है, चाहे वह पृथ्वी का हो या समाज का।
उपसंचालक ताराचन्द जायसवाल ने कहा, प्रत्येक शिक्षाकर्मी आज पर्यावरण दिवस पर संकल्प लेगा की, वह कम से कम 2 संविलियन वटवृक्ष लगाएगा। हम समाज के उत्तरदायी वर्ग से है और अपनी जिम्मेदारियों को भली-भांति समझते हैं।