बिलासपुर। विकास यात्रा के मद्देनजर आज करबला स्थित भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में पदाधिकारियों की बैठक ली गई। इस बैठक में विकास यात्रा की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
इस अवसर पर बिलासपुर सांसद लखनलाल साहू ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के 14 वर्षों के शासनकाल में विकास की ऐतिहासिक ऊचाईयों को प्राप्त किया है। विकास के बलबूते पर ही छत्तीसगढ़ प्रदेश के राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कार से नवाजे गए हैं। भाजपा के सबका साथ सबका विकास नारा को प्रदेश सरकार ने साकार किया है। विकास यात्रा के दौरान अनेक पात्र हितग्राही योजनाओं से लाभान्वित होंगे।
नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डाॅ.रमन सिंह की भाजपा सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यो को लेकर विकास यात्रा निकाली जा रही है भूपेंद्र ने कहा कि विकास यात्रा पहुंच रही है। 2003 और आज के छत्तीसगढ़ में बहुत अंतर है हमारी सरकार ने 14 वर्षों में सभी क्षेत्रों में विकास कार्य किये हैं। विकास यात्रा को हमें एक उत्सव पर्व के रूप में मनाना है। सवन्नी ने कहा कि सभी मोर्चा प्रकोष्ठों एवं जनप्रतिनिधियों को अलग-अलग दायित्व सौपें जायेंगे जिसमें सभी की सहभागी सुनिश्चित करनी है और विकास यात्रा को मिलकर बेहतर ढंग से सम्पन्न करायेंगे।
अपनी बात में पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं विकास यात्रा के संभागीय सह प्रभारी नारायण चंदेल ने कहा, मुख्यमंत्री डाॅ.रमन सिंह की 31 मई को मस्तूरी में विकास यात्रा होगी एवं 11 जून को तखतपुर विधानसभा में आम सभा तत्पश्चात रोड शो, बिलासपुर में रोड शो व आमसभा होगी। छत्तीसगढ़ निर्माण से विकास की शुरुआत भाजपा सरकार ने की है, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इसकी नींव रखी है। तब से आज तक हम जनता के विकास में लगे हुये है। यह सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। कांग्रेस आज विकास खोजो यात्रा निकाल रही है और नवम्बर के बाद कांग्रेस को खोजो यात्रा निकालनी पड़ेगी।
किसान व युवाओं का ख्याल प्रदेश सरकार ने रखा है। कम समय में बेहतर विकास कर छत्तीसगढ़ प्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है। बिलासपुर जिले में पहुॅचने वाले विकास यात्रा में समस्त पदाधिकारियों सहित बूथ के कार्यकर्ताओं की सहभागिता होनी चाहिए।