नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली की गांधी नगर विधानसभा सीट के अन्र्तगत कांति नगर मंडल के बीजेपी के सभी नेता शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन की मौजूदगी में मंडल अध्यक्ष चमन भारद्वाज, उपाध्यक्ष सुंदर नागर और सुधीर कौशिक सहित अन्य नेताओं को शामिल किया गया।
इस मौके पर गांधी नगर से पूर्व विधायक अरविंदर सिंह लवली, दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी, प्रदेश उपाध्यक्ष चतर सिंह के अलावा अन्य नेता भी मौजूद थे। माकन ने नेताओं को कांग्रेस में शामिल करने के मौके पर कहा कि दिल्ली की जनता में बीजेपी को लेकर लगातार रोष बढता जा रहा है और लोगों का रुझान एक बार फिर कांग्रेस की तरफ हो रहा है।
उन्होंने कहा कि लोग दिल्ली में कांग्रेस के 15 साल के कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों को याद कर रही है। इस मौके पर जनता दल (यू) के प्रवक्ता और पूर्व राज्यसभा सांसद पवन वर्मा के पुत्र अधिवक्ता वेदांत वर्मा ने भी कांगेस में शामिल होने की घोषणा की।