बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर भाजपा कार्यालय करबला बिलासपुर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का पदाधिकारियों द्वारा शाल, श्रीफल भेंट कर फूल मालाओं के साथ उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम की शुरूवात भारत माता, पं.दीनदयाल उपाध्याय, डाॅ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छाया चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की गई।
इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान ने उपस्थित पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को भाजपा के स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि भाजपा बहुत संघर्ष करके आज इस मुकाम पर पहुंची है, हम सबको मिलकर मजबूती के साथ पार्टी को आगे ले जाना है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ भाजपा नेता डाॅ डी.पी.अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1980 में की गई, इससे पहले 1977 से 1979 तक इसे जनता पार्टी के साथ के भारतीय जन संघ और उससे पहले 1951 से 1977 तक भारतीय जन संघ के नाम से जाना जाता रहा है। भारतीय जनता पार्टी के इतिहास को तीन अलग-अलग हिस्सों में बांटा जा सकता है, भारतीय जन संघ की स्थापना श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में की थी, पार्टी को पहले आम चुनाव में कोई खास सफलता नहीं मिली लेकिन इसे अपनी पहचान स्थापित करने में कामयाबी जरुर हासिल हुई, 1980 के चुनावों में विभाजित जनता पार्टी की हार हुई।
उन्होंने बताया कि भारतीय जन संघ जनता पार्टी से अलग हुआ और नाम बदल कर भारतीय जनता पार्टी रखा। अटल बिहारी वाजपेयी पार्टी के अध्यक्ष बने। दिसंबर 1980 में मुंबई में भारतीय जनता पार्टी का पहला अधिवेशन हुआ। आज हमारी पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में कार्य कर रही है, पूरे विश्व के हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है जिसका हम सभी हिस्सा है,आज गांव, गरीब, किसान की चिंता केन्द्र व राज्य सरकार कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह ने कहा कि हम सबके लिये गर्व का दिन है कि पं.दीनदयाल उपाध्याय जी के साथ संगठन में कार्य चुके बद्रीधर दीवान जी का मार्गदर्शन आर्शीवाद हम सबको मिल रहा है, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान उनका सम्मान नही बल्कि हम सब कार्यकर्ताओं का सम्मान है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी समेत सभी सदस्य भी उपस्थित रहे।