
बिलासपुर।कांग्रेस के टिप्पणी पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भूपेंद्र सवन्नी व भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में चल रहे लोकसुराज अभियान और जनसम्पर्क यात्रा से मिलने वाले अपार जन समर्थन से विपक्षी बौखला गये हैं तथा अनावश्यक विवाद और अराजकता का माहौल पैदा कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भूपेन्द्र सवन्नी तथा बिलासपुर जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक विगत चार वर्षो में पूरी तरह निष्क्रिय रहे तथा जनता के सुख-दुख में शरीक न होकर केवल कांग्रेस की राजनीति करते रहे हैं। उन्होंने विधायक सियाराम कौशिक के विगत चार वर्षों के कार्यकाल पर संदेह जाहिर करते हुए कहा कि कार्य क्षेत्र की जनता जब पूर्व विधायक के कार्यकाल से तुलना करती है तो उसे पछतावा होता है कि उसने सियाराम को विधायक चुनकर गलती कर दी है और अब जनता ने मन बना लिया है कि आगामी चुनाव में वह भाजपा प्रत्याशी को अपना आशीर्वाद प्रदान करेगी।उन्होंने विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि जनता की यह भावना लोक सुराज तथा जनसम्पर्क यात्रा में देख सियाराम कौशिक तथा जोगी कांग्रेस के लोग अराजक माहौल का निर्माण करना चाहते हैं जो सफल नहीं होगा।