नक्सली हमले और सरकार के विरोध में युकां ने किया अर्द्धनग्न प्रदर्शन, पुलिस ने 50 से अधिक युकांईयों को किया गिरफ्तार…..
बिलासपुर। सुकमा के नक्सली हमले में सीआरपीएफ के 9 जवान शहीद होने के मामले में युवा कांग्रेस ने शहर में प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए अर्द्धनग्न प्रदर्शन किया। 50 से अधिक युकां कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सिटी कोतवाली चैक में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी भी हुई।
प्रदेश युकां सचिव जावेद मेमन ने कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा की सत्ता आई है, तब से आदिवासी बस्तर क्षेत्र में लगातार नक्सली हमले हो रहे हैं। अब तक सैकड़ों जवान शहीद हो गए हैं। सरकार नक्सली वारदात रोकने नाकाम है। फिर सुकमा में 9 जवान शहीद हो गए। नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह और गृहमंत्री रामसेवक पैकरा को इस्तीफा दे देना चाहिए। आपकों बता दें कि नक्सली हमले और राज्य सरकार के विरोध में युकां ने अर्द्धनग्न प्रदर्शन करते हुए पदयात्रा निकालने की तैयारी कर ली थी, लेकिन पुलिस ने सिटी कोतवाली चैक के पास पहुंचते ही पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे 50 से अधिक युकांईयों को पकड़ लिया। इन्हें कोतवाली थाना ले जाया गया। यहां जावेद मेमन सहित कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी का विरोध किया तो तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और युकांईयांे के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई। पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक गिरफ्तार कर लिया। जावेद मेमन, आशीष गोयल व अमित दुबे ने आरोप लगाया कि नक्सली हमले के विरोध में आंदोलन करने से पूर्व पुलिस को सूचना दी गई थी इसके बावजूद उन्हें जबरन गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी देने वालों में जावेद मेमन के अलावा जिला उपाध्यक्ष आशीष गोयल, शहर उपाध्यक्ष अमित दुबे, जिला महासचिव विनय वैद्ये, शेरू असलम, शहर महासचिव ऋषि कश्यप, जिला महासचिव दिनेश चंदानी, जिला सचिव वकार खान सहित अन्य लोग शामिल है।