एक महिला से आरोपी का था प्रेमसंबंध, आरोपी और महिला को मिलते देख लिया मृतक, बात सार्वजनिक न हो, इसलिए कर दी हत्या
जांजगीर-चांपा। होलिका दहन की रात हुई युवक की हत्या मामले का खुलासा पुलिस ने किया है। आरोपी ने अपना अवैध संबंध सार्वजनिक होने के भय से उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी गांव का ही है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार निवासी हरिहर प्रसाद साहू (18) पिता मनहरण साहू का शव उसी के शौचालय में मिला था। मामले में पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच कर रही थी। एसपी नीथू कमल और एएसपी पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में शिवरीनारायण पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच तेज कर दी। इसी दौरान पता चला कि गांव के ही राजकुमार कर्ष उर्फ टेटका 20 पिता रेशमलाल बीते 1 मार्च की रात मृतक हरिहर के घर के आसपास हथियार लेकर घूम रहा था। घटना के बाद से वह फरार था। पुलिस ने 9 मार्च को उसे घर से ही दबोचा। पूछताछ में उसने बताया कि उसका गांव की ही एक महिला से प्रेम संबंध है। होलिका दहन से दो दिन पहले वह महिला राजकुमार के निर्माणाधीन मकान में मिलने आई थी। दोनों को मृतक ने देख लिया था। यह बात सार्वजनिक न हो जाए, इस भय से उसने उसके घर में घुसकर सो रहे हरिहर प्रसाद साहू पर खलबट्टे की मुसली से हमला कर दिया। इसके बाद उसके शव को घसीटते हुए उसके शौचालय के पास छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने उसे धारा 302 के तहत गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच प्रभारी विजय चैधरी सहित उनकी टीम तथा पुलिस ने काफी पसीना बहाया है।