बिलासपुर। जोगी कांग्रेस की कोई हैसियत नहीं है। जोगी कांग्रेस पार्टी कांग्रेस पार्टी के मुद्दों को हड़प रही है। जनता ही नहीं, बल्कि खुद जोगी को भी मालूम है कि उनकी पार्टी की कोई हैसियत नहीं है। अभी तक तो यह निश्चित नहीं है कि जोगी कांग्रेस चुनाव लड़ेगी भी या नहीं। जोगी कांग्रेस महज परिवार की पार्टी है।
ये बातें छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कमलेश्वर पटेल ने छत्तीसगढ़ भवन में पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा में है। विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार निश्चित है। अभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों की अधिकृत सूची जारी नहीं की गई है। जल्द ही जिलाध्यक्षों के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कोई मतभेद या गुटबाजी नहीं है। हम सब एक हैं। चाहे हसदेव यात्रा हो या भूपेश की जनयात्रा, टीएस की यात्रा हो या बस्तर मे कांग्रेस नेताओं की यात्रा। सब कुछ रणनीति के तहत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब यात्रा का प्रारम्भ या समापन होता है तो सारे नेता एकत्र होते हैं। पार्टी में गुटबाजी या कटुता जैसी कोई बात नहीं है। टिकट वितरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रत्याशी का ऐलान समय पर किया जाएगा। नए लोगों को भी टिकट देंगे। उन्होंने कहा कि कांगे्रस की सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी का ऐलान किया जाएगा। कमलेश्वर पटेल ने कहा कि पिछले 14 साल से भ्रष्टाचार में लिप्त भाजपा सरकार का जाना निश्चित है। जनता ने कांग्रेस को जीताने का फैसला कर लिया है। पिछले 14 सालों में प्रदेश में एक-एक कर घोटालों की लंबी लिस्ट तैयार हो गयी है। नान घोटाला, अंखफोड़वा काण्ड, नसबंदी काण्ड, गर्भाशय काण्ड समेत भाजपा ने कई काण्ड किए हैं। शर्म की बात है कि किसान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं। लेकिन राहत पूंजीपतियों को मिल रही है। एक सवाल के जवाब में कमलेश्वर पटेल ने कहा कि सूखा राहत की राशि अधिकारी और भाजपा नेता मिलकर खा गए। बीमा कम्पनियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। घोषणा पत्र में समर्थन मूल्य 2100 रूपए करने और बोनस देने की बात हुई थी। लेकिन समर्थन मूल्य तो देना दूर अभी तक बोनस का ही वितरण नहीं किया गया है। पिछले दो तीन साल से मनरेगा का भुगतान नहीं किया गया है। लोग पलायन को मजबूर हो रहे हैं। शिक्षाकर्मियों को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि अब तो प्रदेश के किसान, नौजवान, मजदूर और आम जनता पदयात्रा कर सरकार का विरोध कर रहे हैं। इस समय प्रदेश में भाजपा के खिलाफ लहर है। कांग्रेस पार्टी सरकार बनाएगी यह बात निश्चित है। प्रभारी सचिव ने कहा कि महंगाई चरम पर है। गैस सिलेन्डर तीन गुना हो गया। पेट्रोल डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। बिजली बिल से जनता की कमर टूट रही है। स्वास्थ्य और सुरक्षा सिस्टम पूरी तरह से चैपट हो गयी है।