
मेयर व जनप्रतिनिधियों ने भुमिपूजन कर किया कार्य का शुभारंभ
बिलासपुर- कश्यप कालोनी से ज्वाली नाला तक 1030 मीटर आरसीसी नाला का निर्माण होगा। मंगलवार को मेयर श्री रामशरण यादव व अन्य जनप्रतिनिधियों ने विधिवत पूजा अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
वार्ड क्रमांक 33 व 34 निराला नगर से पुराना बस स्टैंड कश्यप कालोनी होकर ज्वाली नाला तक 1030 मीटर आरसीसी नाला का निर्माण 6 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से होगा। मेयर रामशरण यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान मेयर ने कहा कि नाला का निर्माण क्षेत्रवासियों की वर्षों की मांग थी। बरसात के दिनों में पानी निकासी की समस्या होने पर क्षेत्र में जल भराव की स्थिति बनती है। नाला निर्माण होने पर क्षेत्र में जलभराव की समस्या नहीं होगी।
इस दौरान यादव ने कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के साथ समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौरतलब हो कि नाला निर्माण निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जुलाई 2018 में कार्यादेश जारी कर दिया गया था, लेकिन भू-स्वामियों के बीच विवाद होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। इसके बाद निगम के अधिकारियों द्वारा भू-स्वामियों से चर्चा कर विवाद को खत्म किया गया। वर्तमान में सभी भू-स्वामियों ने अपनी सहमति शपथ-पत्र में दी है। इसके बाद निर्माण कार्य का आज विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य अजय यादव, राजेश शुक्ला, पार्षद दुर्गा सोनी, बंधु मौर्य, पूर्व पार्षद शैलेंद्र जायसवाल, भू-स्वामी अनिल वर्मा, उधो कश्यप्, महेश चंद्रिकापुरे सहित निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
————
1 करोड़ 30 लाख की लागत से होगा नाले का निर्माण
वार्ड क्रमांक 34, 35 व 36 में ज्वाली पुल से गांधी चैक तक सड़क के दोनों ओर नाली का निर्माण होगा। सड़क के दोनों ओर 630 मीटर नाली का निर्माण होगा। मेयर श्री रामशरण यादव व जनप्रतिनिधियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया। इससे क्षेत्र में पानी निकासी की सुविधा मिलेगी।