बिलासपुर / शहर महिला कांग्रेस की एक आवश्यक बैठक अध्यक्ष सीमा पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें बिलासपुर विधानसभा के सभी बूथों पर बूथ इकाई हेतु महिला प्रतिनिधियों के नाम देने हेतु चर्चा की गई। सीमा पाण्डेय ने बैठक में बताया कि 19 फरवरी को जिले के प्रभारी कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके बूथ गठन की जानकारी हेतु बैठक लेंगे, उससे पहले शहर कांग्रेस कमेटी को महिला कांग्रेस अपने सदस्यों का नाम प्रत्येक बूथ पर सूची बनाकर सौंप देगी।
बैठक में ब्लाक 1 की अध्यक्षता बबिता दुबे ने यह जानकारी दी कि उनके ब्लाक में अधिक बूथों में सदस्य बना लिये गये हैं और बचे हुए बूथों में पार्षद , पार्षद प्रत्याशियों एवं वार्ड में निवासरत् कांग्रेस पदाधिकारियों के सहयोग से महिला सदस्यों की सूची तैयार की जा रही है। शहर महिला कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों ने इस कार्य को काफी गंभीरता से लेते हुए कार्य को पूर्ण करने की बात बैठक के दौरान कही।
बैठक में महिला पार्षद श्रीमती अनिता दुबे, अनिता श्रीवास, रेखा मानिकपुरी ने भी अपने अपने वार्ड सहित प्रभारी वार्डों की जानकारी भी प्रदान की। शहर महिला कांग्रेस की प्रवक्ता सावित्री सोनी ने भी अपने प्रभार क्षेत्र की जानकारी बैठक में रखी।
बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि गत दिनों सिम्स में प्रसव हेतु भर्ती के दौरान मारपीट किये गये पीड़िता को लेकर महिला कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात के दौरान सिम्स प्रबंधक ने 5 दिनों के अंदर कार्यवाही करने और कार्यवाही की जानकारी देने की बात कही थी, लेकिन 5 दिन बीतने के बाद भी अभी तक कोई जानकारी प्रदान नहीं की गई। वहीं पुलिस द्वारा पीड़िता के आवेदन पर अपराध दर्ज ना करते हुए उदासिनता बरती है और कोई कार्यवाही नहीं की गई है/
बैठक में यह तय किया गया कि जल्द ही सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर महिला कांग्रेस, कांग्रेस पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी लेगी और यदि अपराध दर्ज नहीं किया गया होगा तो महिला कांग्रेस सिम्स और पुलिस के खिलाफ जल्द ही एक बड़ा आंदोलन करेगी, जिसमें शहर युवा कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
शहर अध्यक्ष श्रीमती सीमा पाण्डेय ने पुलिस विभाग पर सत्ता पक्ष और मंत्री के कहने से पीड़िता के साथ कार्यवाही ना करने की बात कहते हुए यह भी आरोप लगाया कि डी.पी.कालेज की एक महिला प्राध्यापक ने अपने साथ हुये र्दुव्यवहार की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय और पूर्व सैनिक कल्याण संघ दिल्ली को किया था, जहां से पत्र प्राप्त होने के बाद भी जिला पुलिस द्वारा उन दोषी प्राध्यापकों पर कोई कार्यवाही नहीं की गई है, जबकि पीड़ित महिला प्राध्यापक का बयान, प्राचार्य का बयान भी लिया जा चुका है, दोषी प्राध्यापक भाजपा एल्डरमेन का भाई है, जिसे स्थानीय विधायक एवं मंत्री बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सिम्स एवं डी.पी.कालेज की घटना को लेकर पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं की जाती, तो महिला कांग्रेस एक बार पुलिस अधिकारियों से मिलने के बाद एक बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी।
बैठक में प्रमुख रूप से शहर उपाध्यक्ष मंजू त्रिपाठी, अफरोज खान, सावित्री जायसवाल, रीता मजूमदार, रेखा तांडी, विमला शुक्ला, दुर्गा मिश्रा, ममता साहू, शशि पड़वार, आशा पाण्डेय, पुष्पा पाण्डेय, लीना आचार्य, आबरू निशा , ताहिरा खान, लक्ष्मी जोगी, अर्चना एवं सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।