राजस्थान। कांग्रेस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुरुवार को लोकसभा और विधानसभा के उप चुनाव में जीत हासिल की है। कांग्रेस उम्मीदवारों ने तीनों ही सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों को शिकस्त दी। हालांकि अलवर और अजमेर सीट पर जीत की औपचारिक घोषणा होना बाकी है। कांग्रेस ने अलवर और अजमेर लोकसभा और मांडलगढ़ विधानसभा सीट भाजपा से छीन ली है।
अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के डॉ. करण सिंह यादव ने भाजपा के जसवंत सिंह यादव को और अजमेर से कांग्रेस उम्मीदवार रधु शर्मा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के राम स्वरूप लाम्बा को हराया। निर्वाचन विभाग के अनुसार मांडलगढ़ विधानसभा उपचुनाव में धाकड़ को 70146 मत मिले जबकि भाजपा के शक्ति सिह हाडा को 57170 तथा कांग्रेस के विद्रोही गोपाल मालवीय को 40 हजार से अधिक मत हासिल हुए है। 29 जनवरी को हुए उपचुनाव की मतगणना में शुरुआती दौर में भाजपा उम्मीदवार आगे था, लेकिन बाद में कांग्रेस उम्मीदवार ने बढ़त बना ली। भाजपा की कीर्ति कुमारी के निधन के कारण यह उपचुनाव कराया गया था। कांग्रेस ने भाजपा से यह सीट छीनी है।