नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पहले खेलो इंडिया स्कूल गेम्स का बुधवार को यहां इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में उद्घाटन करेंगे। ये गेम्स 31 जनवरी से आठ फरवरी तक राजधानी में आयोजित किए जाएंगे।
देश में जमीनी स्तर पर खेलों को विकसित करने के लिए खेलो इंडिया कार्यक्रम शुरू किया गया है जिसमें देशभर में खेले जाने वाले सभी खेलों को शामिल किया गया है।
प्रधानमंत्री के विजन को ध्यान में रखते हुए खेलो इंडिया मुहिम का लक्ष्य मुख्यतौर पर युवा प्रतिभाओं को स्कूल स्तर से ही ढूंढने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है।
विभिन्न खेलों के बीच प्राथमिकता वाले खेलों के लिए उच्चाधिकार प्राप्त समिति खिलाडिय़ों को ढूंढ़ेगी और उन्हें अगले आठ वर्षाें तक प्रति वर्ष पांच लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। खेलो इंडिया गेम्स में अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ी 16 विभिन्न खेलों में हिस्सा लेंगे।
इन खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, जिमनास्टिक, हॉकी, जूडो, कबड्डी, खो-खो, निशानेबाजी, तैराकी, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन और कुश्ती शामिल है। स्कूल खेलों में 199 स्वर्ण पदक, 199 रजत और 275 कांस्य पदक दांव पर होंगे।