बिलासपुर /लोक सुराज अभियान जैसे महत्वपूर्ण जन कल्याणकारी कार्य में लापरवाही बरतने पर मरवाही जनपद के ग्राम पंचायत परासी की सचिव अंजली चन्द्रा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई हैं। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निलंबन आदेश जारी कर दिया है।
आदेश में कहा गया है कि राज्य शासन द्वारा सरकार की नीतियों, योजनाओं, कार्यक्रमांे तथा अभियानों का लाभ वास्तविक हितग्राहियों को प्रदान करने हेतु वर्ष 2018 में लोक सुराज अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रथम चरण में आम जनता से उनकी समस्याओं के संबंध में 12 से 14 जनवरी तक जिला तथा विकासखण्ड मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा नगरीय निकाय कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश है।
जारी आदेश के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में बताया गया है कि सेक्टर प्रभारी अशोक कुमार साहू द्वारा निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत भवन बंद पाया गया एवं अंजली चन्द्रा अनुपस्थित भी रही। लोक सुराज अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रति ग्राम पंचायत सचिव द्वारा घोर लापरवाही बरतना पदीय कर्तव्य के विपरीत है एवं शासकीय कार्य के प्रति उनकी उदासीनता को प्रदर्शित करता है, जो छत्तीसगढ़ पंचायत (आचरण) नियम 1998 के विपरीत है। इन कारणों से ग्राम पंचायत सचिव अंजली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में अंजली का मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत मरवाही निर्धारित किया गया है।