रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अजय सिंह को मुख्य सचिव नियुक्त किया है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने यहां बताया कि राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1983 बैच के अधिकारी अजय सिंह को मुख्य सचिव नियुक्त किया है। सिंह राज्य में अतिरिक्त मुख्य सचिव कृषि के पद पर पदस्थ थे, उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1981 बैच के अधिकारी विवेक ढांड का स्थान लिया है।
ढांड वर्ष 2014 से राज्य में मुख्य सचिव के पद पर पदस्थ थे। अधिकारियों ने बताया कि ढांड ने स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति ले ली है तथा उन्हें रियल स्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ढांड के सेवानिवृत्ति लेने के बाद सिंह को मुख्य सचिव पदस्थ किया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रमन सिंह से विवेक ढांड और अजय सिंह ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है।